Surinder Choudhary ने ED मामले में भाई का किया बचाव, कहा चुनिंदा निशाना बनाया

Surinder Choudhary ने ED मामले में भाई का किया बचाव, कहा चुनिंदा निशाना बनाया

जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मामले में अपने भाई एवं निलंबित पुलिस अधिकारी विजय चौधरी का बचाव किया और इस कार्रवाई को ‘‘चुनिंदा तरीके से निशाना बनाना’’ करार दिया। चौधरी ने कहा, ‘‘मेरे भाई ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और आतंकवादी हमलों का सामना किया है।’’
चौधरी ने कहा कि उनके भाई ने जो सेवा की है, उसके लिए उन्हें इनाम मिलना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ‘‘एक दिन फाइलें खुलेंगी और जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा’’।

उप मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि वह अपने भाई के खिलाफ मामला दर्ज होने से डरेंगे नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘हर जुल्म का अंत होता है।’’
हालांकि, चौधरी ने कहा कि उनके परिवार से जुड़े किसी भी मामले का फैसला न्यायपालिका को करना चाहिए, न कि उस पर सार्वजनिक रूप से बहस की जानी चाहिए। यहां एक सरकारी अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए चौधरी ने कहा, ‘‘मैं इसे जांच एजेंसियों और अदालत पर छोड़ना पसंद करूंगा।

मुझे अपनी न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।’’
ईडी ने विजय के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पहले ही उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुका है। यह मामला बेनामी लेन-देन और धन शोधन के जरिए दर्जनों संपत्तियों को प्राप्त करने के आरोपों से जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *