DM ने अजगरा संवाद-2026 की तैयारियों की समीक्षा की:प्रतापगढ़ में हर ग्राम पंचायत-वार्ड से होगा एक प्रतिभागी का चयन

DM ने अजगरा संवाद-2026 की तैयारियों की समीक्षा की:प्रतापगढ़ में हर ग्राम पंचायत-वार्ड से होगा एक प्रतिभागी का चयन

प्रतापगढ़ में अजगरा संवाद-2026 ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने शनिवार दोपहर 4 बजे करीब को कैम्प कार्यालय में खंड विकास अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बताया कि 24 से 26 अगस्त तक ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड से एक प्रतिभागी का चयन अनिवार्य होगा। इस तरह प्रथम चरण में जिले से कुल 1,427 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद, 29 और 30 अगस्त को जिले के 17 विकासखंडों और 19 नगरीय निकायों में प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें से 36 विजेता चुने जाएंगे। 2 और 3 सितंबर को चार जोनल महासंवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनसे 16 प्रतिभागी आगे बढ़ेंगे। 5 सितंबर को जिला स्तरीय महासंवाद में आठ प्रतिभागियों का चयन होगा। अंतिम आठ प्रतिभागियों का 6 से 16 सितंबर तक सार्वजनिक परिचय और तैयारी कराई जाएगी। ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ का ग्रैंड फिनाले 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर सुविधानुसार उपयुक्त संवाद स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्णायक मंडल के चयन में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने पर जोर दिया। साथ ही, प्रत्येक कार्यक्रम की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और पूरे आयोजन का अनिवार्य रूप से डॉक्यूमेंटेशन कराने के निर्देश भी दिए गए। प्रतिभागियों से फीडबैक फॉर्म भी भरवाया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ में भाग लेने के लिए कोई शैक्षिक योग्यता या आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। समाज के सभी वर्गों के लोग निर्धारित प्रारूप पर आवेदन कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति प्रतियोगिता से संबंधित प्रारूप और अन्य जानकारी के लिए संबंधित विकासखंड, नगर पालिका या नगर पंचायत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *