West Champaran में बेकाबू बस की टक्कर से 5 की मौत, कार्यक्रम में मची भगदड़

West Champaran में बेकाबू बस की टक्कर से 5 की मौत, कार्यक्रम में मची भगदड़

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग ले रहे लोगों की भीड़ में एक बस के घुस जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटना शुक्रवार रात लगभग पौने 11 बजे लौरिया थाना क्षेत्र के पराऊ टोला में लौरिया मार्ग पर हुई।

नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अजय प्रकाश सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘एक ट्रक से आमने-सामने की टक्कर से बचने की कोशिश में बस सड़क किनारे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग ले रहे लोगों की भीड़ में घुस गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।’’
उन्होंने बताया कि घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। सिंह ने बताया कि बेतिया जाने वाली बस उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से आ रही थी।

सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाए गए हैं। मृतकों की पहचान बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और झांगुर राम के तौर पर हुई है। यह कार्यक्रम देवेंद्र दुबे की बेटी की ‘छठी’ (बच्चे के जन्म के बाद की रस्म) के मौके पर आयोजित किया गया था।

गंभीर रूप से घायलों का इलाज लौरिया के एक मेडिकल सेंटर में चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘बस और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। दोनों वाहनों के चालक अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।’’
उन्होंने बताया कि दोनों चालकों की तलाश की जा रही है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और शोक-संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घटना में घायल लोगों का उचित इलाज सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *