अमेठी के तिलोई तहसील क्षेत्र के ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की समस्या को देखते हुए शनिवार को डीएम संजय चौहान और एसपी सरवणन टी ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी दोपहर करीब 3 बजे प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जलभराव की जानकारी मिलने के बाद पहले उप जिलाधिकारी और तहसीलदार तिलोई को मौके पर भेजकर सर्वे कराया गया था। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थलीय स्थिति का आकलन किया। किसानों और ग्रामीणों के नुकसान का तत्काल आकलन
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव या प्राकृतिक आपदा से किसी किसान या ग्रामीण को हुए नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों तक प्रशासन की मदद जल्द पहुंचनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्रेनों की सफाई कर जल निकासी के निर्देश
डीएम और एसपी ने पूरे जलभराव प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया और जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को ड्रेनों की तत्काल सफाई कराने और जल निकासी के लिए जरूरी सभी कदम उठाने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ी तो राहत चौकी और शिविर बनाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि परिस्थितियों को देखते हुए राहत चौकी या राहत शिविर की जरूरत महसूस हो तो तत्काल इसकी व्यवस्था की जाए। बचाव और राहत कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।

