रायबरेली में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र ने शनिवार सुबह ग्राम ऐमापुर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव और अन्य स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने उन्हें मुख्य रूप से जलभराव, पेयजल की कमी और अन्य स्थानीय मुद्दों से अवगत कराया। अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन और जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निकासी सहित अन्य समस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा किसी भी समस्या के उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक सहयोग और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, ग्राम प्रधान और कोटेदार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्याओं को गंभीरता से सुने जाने और समाधान का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय भी अपर जिलाधिकारी के साथ उपस्थित रहे।

