डीग की बृजनगर थाना पुलिस ने एक कार्रवाई में 130 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तस्कर की बाइक जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी लाखन सिंह को अवैध मादक पदार्थों की सूचना मिली थी। इस पर उप निरीक्षक राजेश सिंह मय जाप्ता के साथ जगड़का रोड पर एक खाली प्लॉट के पास पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी अपनी बाइक छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने मौके से बाइक (RJ02BW9504) को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक से 130 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बृजनगर थाने में प्रकरण संख्या 237/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की पहचान रामेश्वर गुर्जर पुत्र मोहनलाल, निवासी सुन्दरावली, थाना बृजनगर, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। साथ ही, अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य सदस्यों के संबंध में भी गहन अनुसंधान किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना बृजनगर के थाना प्रभारी लाखन सिंह, उप निरीक्षक राजेश सिंह, कॉन्स्टेबल सतीश कुमार (751) और कॉन्स्टेबल राकेश कुमार शामिल रहे।

