संभल के हयात नगर थाना क्षेत्र के लहरा कमंगर गांव में वेल्डिंग करते समय करंट लगने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शुक्रवार शाम करीब 07:40 बजे बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय आबिद पुत्र वाहिद के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पत्नी रमरीन, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। आबिद की पत्नी के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह 9 बजे खाना खाने के बाद गांव में ही एक ग्रामीण के घर वेल्डिंग का काम करने गए थे। सुबह 11 बजे काम के दौरान उन्हें अचानक करंट लग गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद आसपास के ग्रामीण पहुंचे, जिन्होंने बिजली की आपूर्ति बंद कराई और आबिद को निजी अस्पताल पहुंचाया। पत्नी ने बताया कि आबिद ही वेल्डिंग का काम करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी, और अब परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। देहात एसडीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच अवर अभियंता से कराई जाएगी। हयात नगर थाने के एसएसआई दिनेश कुमार ने भी बताया कि थाने में हादसे की कोई सूचना दर्ज नहीं कराई गई है।

