गुजरात में छिपकर रह रहा एक लाख रुपये का इनामी बदमाश आखिरकार एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। प्रतापगढ़ का रहने वाला दिलबहार खान शुक्रवार शाम प्रयागराज आया था। एसटीएफ के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इस पर टीम ने उसे सोरांव बाईपास स्थित बस स्टैंड के पास घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया।
दिलबहार की गिरफ्तारी 21 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे प्रतापगढ़ रोड पर बस स्टैंड, सोरांव बाईपास के पास से हुई। पुलिस आयुक्त प्रयागराज ने 2025 के एक मुकदमे में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
गुजरात में बदल लिया था ठिकाना
एसटीएफ के अनुसार, दिलबहार खान मूलरूप से प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के कुल्हीपुर गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह गुजरात के सूरत में कुलसुम रेजीडेन्सी, पलसाना, पांडेसरा इलाके में रह रहा था। एसटीएफ की टीम काफी समय से उसकी तलाश में गुजरात के अलग-अलग इलाकों में सुरागरसी कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिलबहार अपने साथियों के साथ प्रयागराज आया है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही एसटीएफ ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अपराध की दुनिया में 15 साल से सक्रिय
पूछताछ में दिलबहार ने एसटीएफ को बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है और वह 2011 से अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक लूट, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। एसटीएफ के मुताबिक, उसके खिलाफ प्रयागराज, प्रतापगढ़ और अंबेडकरनगर के अलग-अलग थानों में करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में जेल भी जा चुका है।
2025 में सोरांव थाने में दर्ज एक मुकदमे में भी वह वांछित था। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बैंक मैनेजर की हत्या कर की थी डकैती
एसटीएफ के मुताबिक, दिलबहार और उसके गिरोह पर मऊआइमा में बैंक मैनेजर नवीन कुमार की गोली मारकर हत्या करने के बाद डकैती करने का आरोप है। इस मामले में मऊआइमा थाने में हत्या और डकैती समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इसके अलावा गिरोह पर सत्य कुमार तिवारी के ट्रक के चालक और खलासी को असलहे के बल पर बंधक बनाकर ट्रक लूटने का भी आरोप है।
घर में घुसकर गोली मारने का भी आरोप
दिलबहार और उसके साथियों पर सत्तार अली की हत्या के इरादे से घर में घुसकर गोली मारने का भी मुकदमा दर्ज है। एसटीएफ के अनुसार, इस घटना में कई गंभीर धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई थी।
प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र में ट्रक मालिक मोहम्मद इकबाल को असलहे के बल पर बंधक बनाकर डकैती करने का भी आरोप है।
अंबेडकरनगर और नवाबगंज में भी ट्रक लूट
एसटीएफ के अनुसार, दिलबहार के गिरोह ने अंबेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र में महेंद्र प्रताप यादव के ट्रक के चालक और खलासी को असलहे के बल पर बंधक बनाकर ट्रक और 15 हजार रुपये लूटे थे।
प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र में भी ट्रक मालिक राम सुभावन, चालक और खलासी के साथ मारपीट कर असलहे के बल पर ट्रक लूटने का मुकदमा दर्ज है।

