देवरिया जिले के भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के लाखोपार गांव में मकान से सटकर अवैध खनन के मामले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तीन लोगों पर जुर्माना लगाया है। खनन विभाग की जांच के बाद अवैध खननकर्ताओं पर पांच लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से जुर्माना अधिरोपित किया गया। गांव निवासी हृदयानंद यादव ने 25 जुलाई और 20 अगस्त को जनता दर्शन में जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पट्टेदार विशुन यादव, मुलायम यादव और राजन (पुत्रगण राधेश्याम यादव) ने उनके मकान को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से मकान से सटकर खनन किया। पत्रावली जिलाधिकारी के सामने प्रस्तुत की गई शिकायत के अनुसार, खाता संख्या-42 में दर्ज करीब 0.458 हेक्टेयर भूमि के आधे हिस्से में लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा कर दिया गया था, जिसमें पानी भर गया। इससे मकान की सुरक्षा को लेकर परिवार ने चिंता व्यक्त की और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद खनन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच पूरी होने पर अवैध खनन से संबंधित पत्रावली जिलाधिकारी के सामने प्रस्तुत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने विशुन यादव, मुलायम यादव और राजन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से जुर्माना लगाया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा है।

