पठानकोट के नलंगा अंडरपास के निर्माण का एस्टीमेट पास कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट और विधायक अश्वनी शर्मा के प्रयासों के बाद यह महत्वपूर्ण परियोजना अब अगले चरण में पहुंच गई है। इस संबंध में डबलिंग कंस्ट्रक्शन डिवीजन के डिप्टी चीफ इंजीनियर हरप्रीत सिंह के साथ मौके पर अंडरपास की लोकेशन को लेकर विस्तृत बातचीत की गई। इस दौरान परियोजना की मौजूदा स्थिति और निर्माण कार्य से जुड़े जरूरी पहलुओं पर चर्चा हुई। निर्माण का रास्ता साफ चर्चा के बाद नलंगा अंडरपास का एस्टीमेट पास कर दिया गया, जिससे इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। उम्मीद है कि अगले करीब एक सप्ताह के अंदर टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। यह प्रोजेक्ट अब अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। यह अंडरपास इलाके के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बनने से स्थानीय निवासियों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही यातायात संबंधी समस्या का समाधान होगा। पठानकोट के विकास कार्यों को गति मिलेगी इस उपलब्धि पर विधायक अश्वनी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और लगातार प्रयासों के चलते पठानकोट के विकास कार्यों को गति मिल रही है। महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स जल्द पूरे करवाए जाएंगे विधायक शर्मा ने यह भी कहा कि पठानकोट के विकास के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द पूरा करवाना अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नलंगा अंडरपास का काम भी जल्द शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

