पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को चिकित्सकीय जांच के बाद फिर जेल भेजे जाने की आलोचना करते हुए इस फैसले को ‘‘बेहद क्रूर’’ करार दिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तान की सेना द्वारा इमरान खान को वापस जेल भेजा जाना बेहद क्रूर फैसला है। यह व्यक्ति पिछले तीन वर्षों से निराधार और बेतुके आरोपों में जेल में बंद है।
बड़े पदों पर बैठे छोटे लोगों की मानसिकता।’’
इल्तिजा ने कहा कि वह इमरान खान के समझौता करने से इनकार करने के फैसले की सराहना करती हैं। पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान को शुक्रवार सुबह रावलपिंडी की अडियाला जेल वापस भेज दिया गया। इससे पहले सरकार के स्वामित्व वाले पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में उनकी चिकित्सकीय जांच की गई, जहां अल-शिफा अस्पताल के चिकित्सक भी मौजूद थे।

