पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर सिरोही की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने नशा मुक्ति एवं जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल डोडुआ, सिरोही और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, सरतरा-कालंदरी में आयोजित किया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, नशे से बचाव, POCSO एक्ट, साइबर क्राइम से सुरक्षा, तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और इमरजेंसी हेल्प नंबर 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया। इसके अतिरिक्त, छात्रों को राजकॉप सिटीजन ऐप की उपयोगिता और इसके माध्यम से मिलने वाली पुलिस सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। इस दौरान उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जीने तथा आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।

