नहर में लापता युवक का शव 22 घंटे बाद मिला:परिजनों ने बाराबंकी में खोजकर निकाला, SDRF को नहीं मिला था सुराग

नहर में लापता युवक का शव 22 घंटे बाद मिला:परिजनों ने बाराबंकी में खोजकर निकाला, SDRF को नहीं मिला था सुराग

सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में नहर में लापता हुए युवक का शव करीब 22 घंटे बाद शुक्रवार सुबह बाराबंकी क्षेत्र से बरामद हुआ। परिजनों ने स्वयं खोजबीन करते हुए बड्डूपुर के आगे कतुरीकलां के पास नहर से शव बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार महमूदाबाद कस्बे के बेलदारी टोला निवासी हबीब पुत्र जमील गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपना ई-रिक्शा लेकर पैंतेपुर पुल पहुंचा था। उसने ई-रिक्शा पुल पर खड़ा किया और इसके बाद अचानक लापता हो गया। पुल पर ई-रिक्शा खड़ा मिलने और युवक का कोई पता नहीं चलने पर उसके नहर में कूदने की आशंका जताई गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही पैंतेपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की तलाश शुरू कराई। सूचना के बाद नहर में सर्च अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने भी नहर में करीब 5 घंटे तक युवक की तलाश की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। उधर, युवक के परिजन भी लगातार नहर के किनारे उसकी तलाश में जुटे रहे। करीब 22 घंटे बाद शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों ने बाराबंकी क्षेत्र में बड्डूपुर के आगे कतुरीकलां के पास नहर में शव देखा। इसके बाद उन्होंने स्वयं शव को नहर से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक नहर में किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसे लेकर पुलिस द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि परिजन भी युवक के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं कर सके हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *