Ashutosh Ranka Viral Video After CJP Attack: जयपुर के सांगानेर सदर इलाके के रामपुरा कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर हुए विवाद के बाद CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका का नया वीडियो सामने आया है। दरअसल CJP की टीम शुक्रवार सुबह स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची थी। टीम के मुताबिक स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर में प्रवेश का विरोध किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई।
वीडियो में ये बोले आशुतोष रांका
आशुतोष रांका ने वीडियो में कहा कि ‘एक स्कूल है जो पिछले डेढ़ साल से भैंसों के तबेले में चल रहा है। उस स्कूल को ठीक करने की रिक्वेस्ट के लिए गांव वालों ने अप्रोच किया था कि आप लोग आएं और इस स्कूल का निरीक्षण करिए और इसे सही करवाइए क्योंकि इस स्कूल की हालत बहुत खराब है। आज हम लोग जब निरीक्षण करने जा रहे थे उससे पहले ही हमारी टीम के कुछ साथी वहां मौजूद थे। साथ ही वहां पर BJP के गुंडे मौजूद थे। शंकर बांगरा और कमल प्रधान दोनों बीजेपी के गुंडे हैं। उन्होंने 30-40 लोगों को इकट्ठा किया और हमारी टीम मेंबर्स पर पथराव किया। इस बारे में हमने पुलिस स्टेशन में जानकारी दी और सबको इन्फॉर्म किया। जब हम लोग पहुंचे तो पथराव करके हमारे वॉलंटियर्स के सिर फोड़ दिए उनके हाथ में फ्रैक्चर आया और रेखा जी के कंधे पर चोट आई। उन पर पुरुष गुंडों ने हमला किया, इनका मोबाइल तोड़ दिया, गाड़ियों के शीशे फोड़े और मेरी भी शर्ट फाड़ी गई। वहां बहुत सारे लोग थे जिनको मारा है और ये सबकुछ मीडिया की मौजूदगी में हुआ है। राजस्थान के गुंडों ने जो किया है उसके कारण राजस्थान का पूरे देश भर में नाम खराब हुआ है।
इतनी शर्म की बात है जिस राजस्थान का नाम किसी समय में एजुकेशन हब के नाम से जाना जाता था आज वहीं गुंडागर्दी के नाम से जाना जा रहा है। ये सब मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। शिक्षा मंत्री ने ये करवाया है। उनके ऑर्डर के बिना ये संभव नहीं था। पुलिस को पता था फिर भी उन्होंने कुछ नहीं किया। इससे पता चलता है कि ये पहले से प्लान था। फिर भी हम डरने वाले नहीं हैं।’
ये था पूरा मामला
CJP की ओर से राजस्थान में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टीम ने रामपुरा कंवरपुरा के स्कूल का निरीक्षण करने का कार्यक्रम बनाया था। टीम का कहना था कि ग्रामीणों की ओर से स्कूल की खराब स्थिति को लेकर जानकारी दी गई थी। इसी शिकायत के आधार पर स्कूल की स्थिति देखने का फैसला किया था। घटना के बाद CJP की ओर से आरोप लगाया गया कि टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और पथराव हुआ। कुछ वॉलंटियर्स के घायल होने और वाहनों को नुकसान पहुंचने का भी दावा किया गया। मामले को लेकर पुलिस को सूचना देने की बात भी सामने आई है।

