प्रयागराज में 21 से 25 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रयागराज के नाम से प्रसारित इस पत्र को कार्यालय ने पूरी तरह फर्जी बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, बीएसए ने थाना कर्नलगंज के प्रभारी निरीक्षक को पत्र लिखकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि 21 अगस्त को कोई छुट्टी नहीं रहेगी। बीएसए ने बताया कि बारिश के कारण जिलाधिकारी के निर्देश पर केवल 18, 19 और 20 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया था। इसके बाद कार्यालय की ओर से 21 से 25 अगस्त तक अवकाश घोषित करने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया था। इसके बावजूद, आदेश संख्या 421/2026-27 दर्शाते हुए एक पत्र सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित किया गया। इस फर्जी पत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का नाम, पत्रांक, दिनांक, पदनाम और हस्ताक्षर तक कूटरचित या भ्रामक रूप से इस्तेमाल किए गए हैं। बीएसए ने पुलिस से फर्जी पत्र तैयार करने और प्रसारित करने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने पत्र में फर्जी आदेश के प्रसारण में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, ई-मेल, सोशल मीडिया अकाउंट, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य डिजिटल माध्यमों की तकनीकी जांच कराने तथा डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने को भी कहा है। विभाग ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि 21 से 25 अगस्त तक अवकाश घोषित करने वाला कोई भी आदेश उनके कार्यालय से जारी नहीं किया गया है।

