इंदौर में राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता:राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के जज करेंगे मूल्यांकन, 2 लाख से ज्यादा के नकद पुरस्कार

इंदौर में राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता:राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के जज करेंगे मूल्यांकन, 2 लाख से ज्यादा के नकद पुरस्कार

। शहर में राज्य स्तरीय लक्ष्य मंथन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 2 लाख रुपए से अधिक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्णयन का अनुभव रखने वाले विशेषज्ञ प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा योग प्रतिभाओं को मंच देना और योगासन खेल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। डॉ. प्रमोद नन्दवाल ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में होगी। पहला और दूसरा क्वालिफाइंग राउंड 30 अगस्त और 6 सितंबर को सेंट अर्नोल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित होंगे। दोनों चरणों से चयनित प्रतिभागी 12 सितंबर को बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, इंदौर में होने वाले फाइनल राउंड में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के स्कूलों, योग महाविद्यालयों, मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण केंद्रों और योग संस्थानों के प्रतिभागियों के साथ स्वतंत्र योग साधक भी शामिल हो सकेंगे। दो आयु वर्ग में होगी प्रतियोगिता प्रतियोगिता 8 से 14 वर्ष और 14 से 20 वर्ष के दो आयु वर्गों में होगी। बालक और बालिका वर्ग अलग-अलग रहेंगे। इसके अलावा 20 वर्ष से अधिक आयु के योग साधकों के लिए भी दो प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। व्यक्तिगत योग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कठिन आसनों और तय पाठ्यक्रम में शामिल आसनों का प्रदर्शन करना होगा। दूसरी श्रेणी में दो प्रतिभागियों की जोड़ी संगीत की धुन पर निर्धारित नियमों और आपसी तालमेल के साथ योगासन प्रस्तुत करेगी। सिर्फ आसन नहीं, माउंटिंग और डी-माउंटिंग भी देखी जाएगी प्रतियोगिता में केवल आसन की स्थिति ही नहीं, बल्कि प्रतिभागी आसन में किस तरह प्रवेश करता है और उससे किस तरह बाहर आता है, इसका भी मूल्यांकन किया जाएगा। आसन में जाने की प्रक्रिया को माउंटिंग और वापस सामान्य स्थिति में आने को डी-माउंटिंग कहा जाता है। निर्णायक प्रतिभागियों के पोस्चर, चेहरे के हाव-भाव, सांस पर नियंत्रण और शरीर के कंपन को नियंत्रित करने की क्षमता को भी देखेंगे। आसन की शुद्धता, संतुलन, लचीलापन, तकनीक और प्रस्तुति के आधार पर अंक दिए जाएंगे। आयोजन समिति में डॉ. हेमंत शर्मा, अनिल अग्रवाल, रौनक सोनी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। आयोजकों ने प्रदेश के स्कूलों, योग संस्थानों और योगप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *