नीमच शहर के क्रमांक-2 खेल मैदान पर सांदीपनि स्कूल के प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार को भारी विरोध देखने को मिला। खेल प्रेमियों, युवा खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम पराग जैन प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। खेल मैदान बचाने के लिए युवाओं की मुहिम स्थानीय खिलाड़ियों और नागरिकों का कहना है कि शहर में खेल गतिविधियों के लिए मैदानों की पहले से ही कमी है। ऐतिहासिक क्रमांक-2 मैदान पर विद्यालय भवन बनाने से भावी खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए जगह खत्म हो जाएगी। युवाओं ने इस मैदान को बचाने के लिए ‘खेल मैदान बचाओ’ मुहिम की शुरुआत की है। किसी अन्य स्थान पर स्कूल बनाने की मांग प्रदर्शनकारी गजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उन्हें स्कूल निर्माण से आपत्ति नहीं है, लेकिन शासन किसी अन्य जगह पर निर्माण कराए। खिलाड़ियों का आरोप है कि इतना बड़ा फैसला लेने से पहले खेल संगठनों या खिलाड़ियों से कोई राय नहीं ली गई। उन्होंने मांग की है कि इस मैदान को आधिकारिक खेल ग्राउंड घोषित किया जाए। एसडीएम बोले- खुले मैदान का रखा गया है ध्यान प्रशासनिक पक्ष रखते हुए एसडीएम पराग जैन ने बताया कि सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों और शासन की सहमति से ही यह स्थान तय किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल की डिजाइन इस तरह तैयार की गई है कि खेल मैदान खुला ही रहेगा, जिससे खिलाड़ियों को परेशानी न हो। चर्चा जारी, फिलहाल परिसर की घेराबंदी एसडीएम ने बताया कि फिलहाल जेसीबी और पुलिस बल की मौजूदगी में केवल स्कूल परिसर की सुरक्षा घेराबंदी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास जारी है और नियमों के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

