आगरा में वेंडिंग जोन और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर निगम की टास्क फोर्स ने गुरुवार को वेंडिंग जोन में नियमों के विपरीत रखे करीब एक दर्जन खोखे जब्त कर लिए। वहीं शास्त्रीपुरम में फुटपाथ पर टिन शेड डालकर चल रही चिकन बिरयानी की दुकान को भी ध्वस्त कर दिया गया।
पार्षद की शिकायत पर पहुंची टीम
वार्ड 37 के पार्षद गजेन्द्र सिंह ने नगर आयुक्त से शिकायत की थी कि वेंडिंग जोन में निर्धारित स्थानों के बजाय खोखे रखकर अवैध रूप से कारोबार किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में अव्यवस्था के साथ-साथ वेंडिंग जोन के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत भी सामने आई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम की टास्क फोर्स मौके पर पहुंची और वेंडिंग जोन में रखे खोखों की जांच की। नियमों के विपरीत मिले करीब एक दर्जन खोखों को हटवाकर जब्त कर लिया गया।
फुटपाथ पर टिन शेड डालकर बेच रहे थे चिकन बिरयानी
नगर निगम की टीम ने शास्त्रीपुरम स्थित आबंतीबाई चौराहे से आगे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की। यहां टिन शेड डालकर चिकन बिरयानी बेची जा रही थी। दुकान के कारण फुटपाथ पर लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। टास्क फोर्स ने मौके पर पहुंचकर टिन शेड को ध्वस्त कर दिया और फुटपाथ को कब्जामुक्त कराया। संबंधित लोगों को दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
वेंडिंग जोन में नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि वेंडिंग जोन का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जा सकता है। सार्वजनिक स्थान, फुटपाथ या सड़क पर बिना अनुमति खोखा लगाकर कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नगर आयुक्त ने ये कहा
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा-शहर में वेंडिंग जोन निर्धारित नियमों के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। वेंडिंग जोन या सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से खोखा रखकर कारोबार करने अथवा फुटपाथ पर कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।

