कुरुक्षेत्र पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल:बोले- कांग्रेस ने 1937 में की थी गलती, मोदी सरकार ने संसद के जरिए सुधारा

कुरुक्षेत्र पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल:बोले- कांग्रेस ने 1937 में की थी गलती, मोदी सरकार ने संसद के जरिए सुधारा

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 1937 में गलती की थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के माध्यम से सुधारने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कांग्रेस तुष्टीकरण के कारण वही गलती दोहरा रही है। मेघवाल आज गुरुवार को कुरुक्षेत्र में श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ की ओर से आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश वंदे मातरम् गा रहा है और इसे लेकर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की एकता और राष्ट्रीय भावना से जुड़े विषयों को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर देशभर में होंगे कार्यक्रम मेघवाल ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती को लेकर कहा कि देशभर में इसे प्रकट उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। यह आयोजन गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर माघ पूर्णिमा तक चलेगा। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, सद्भावना, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया था। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में देश के उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जहां गुरु रविदास जी के मंदिर हैं, वहां पूजा-अर्चना के साथ कलश यात्राएं निकाली जा रही हैं। वहीं, जिन स्थानों पर गुरु रविदास जी के मंदिर नहीं हैं, वहां अन्य मंदिरों में जाकर विभिन्न समाजों के लोग आरती और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सामाजिक समरसता और संविधान के मूल भाव पर जोर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं संविधान के मूल भाव स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को भी मजबूती देने का काम करती हैं। मेघवाल ने कहा कि गुरु रविदास जी ने भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और मानवता का संदेश दिया था। आज उनके विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की जरूरत है। राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान संत रविदास जी की शिक्षाओं और उनके सामाजिक योगदान पर भी चर्चा हुई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *