Awarapan 2 vs Bantwara 1947: सनी देओल की ‘बटवारा 1947’और इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ के बीच थिएटर स्क्रीन को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। इसी बीच यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज नजदीक आने से सिंगल-स्क्रीन थिएटरों में स्क्रीन शेयरिंग का दबाव और बढ़ गया है। ऐसे में तीनों फिल्मों के लिए स्क्रीन मैनेज करना थिएटर मालिकों के लिए चुनौती बनता दिख रहा है।
‘बटवारा 1947’ के लिए एक शो की मांग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बटवारा 1947’ के डिस्ट्रीब्यूटर ने कई सिंगल-स्क्रीन थिएटरों से 21 अगस्त से फिल्म को कम से कम एक शो देने की मांग की है। हालांकि, थिएटर मालिक कथित तौर पर फिल्म की मौजूदा दर्शक मांग को लेकर चिंतित हैं और ‘आवारापन 2’ को ज्यादा स्क्रीन और शो देने के पक्ष में हैं।
इमरान हाशमी की फिल्म को मिल रही दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए थिएटर मालिक चाहते हैं कि ‘आवारापन 2’ को ज्यादा से ज्यादा शो मिलें। वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर पर 27 अगस्त तक सिंगल-स्क्रीन थिएटरों के सभी शो में सिर्फ ‘आवारापन 2’ चलाने की मांग कर रहे हैं।
‘टॉक्सिक’ की रिलीज से और बढ़ेगी स्क्रीन की चुनौती
अब इस स्क्रीन शेयरिंग की जंग में यश की ‘टॉक्सिक’ की एंट्री भी होने वाली है। फिल्म की रिलीज नजदीक होने के कारण थिएटर मालिकों को आने वाले दिनों में तीनों फिल्मों के बीच स्क्रीन बांटने को लेकर फैसला करना होगा।
खासकर सिंगल-स्क्रीन थिएटरों के लिए ये स्थिति मुश्किल हो सकती है, क्योंकि यहां स्क्रीन की संख्या मल्टीप्लेक्स की तुलना में सीमित होती है।
OTT राइट्स को लेकर भी सामने आया विवाद
‘बटवारा 1947’ से जुड़ा विवाद सिर्फ थिएटर स्क्रीन तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के ओटीटी राइट्स को लेकर आमिर खान और सनी देओल के बीच भी कथित तौर पर मतभेद हुए।
फिल्मफेयर की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने फिल्म के डिजिटल राइट्स के लिए 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऑफर दिया था। हालांकि, कथित तौर पर आमिर खान ने यह ऑफर उस समय ठुकरा दिया, जब वह अपनी फिल्म’सितारे जमीन पर’ की रिलीज की तैयारी कर रहे थे।
YouTube पर रिलीज करने का था प्लान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन के साथ प्रयोग करना चाहते थे। इसके तहत फिल्म को पे-पर-व्यू या वीडियो-ऑन-डिमांड मॉडल के जरिए YouTube पर रिलीज करने का विचार था। कथित तौर पर इसी वजह से उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म का ऑफर स्वीकार नहीं किया।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि आमिर और सनी के बीच सनी को फिल्म के मुनाफे का 50 प्रतिशत हिस्सा देने पर सहमति बनी थी। ऐसे में आमिर के ओटीटी ऑफर ठुकराने के फैसले से सनी को कथित तौर पर आर्थिक नुकसान हुआ और दोनों के बीच अनबन की स्थिति बनी।





