गोरखपुर से रेडी-अन्ना पोर्टल से ठगी करने वाले 5 गिरफ्तार:ऑनलाइन गेमिंग में लगवाते थे सट्‌टा, अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं तार

गोरखपुर से रेडी-अन्ना पोर्टल से ठगी करने वाले 5 गिरफ्तार:ऑनलाइन गेमिंग में लगवाते थे सट्‌टा, अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं तार

गोरखपुर में गुरुवार को ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शाहपुर पुलिस और साइबर टीम ने “रेडी अन्ना” नामक अवैध गेमिंग पोर्टल के जरिए सट्टा खिलाकर विभिन्न बैंकों के म्यूल खातों से पैसों का लेन-देन करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी देवरिया, मुजफ्फरनगर, सिवान के रहने वाले हैं। शाहपुर में किराए के मकान में ठिकाना बनाया था। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि सूचना के आधार पर गुरुवार सुबह शाहपुर इलाके के सेमरा नंबर स्थित पानी की टंकी के पास स्थित मकान से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला कि यहां 6 माह से आरोपी किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। ऐसे करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी “रेडी अन्ना” वेबसाइट का पैनल खरीदकर उसकी ब्रांच चलाते थे। ये लोग भोले-भाले लोगों को सट्टा खिलाने के लालच में फंसाते थे। डिपॉजिट-विड्रॉल के लिए अलग-अलग लोगों के नाम से खुलवाए गए फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रोजाना लाखों रुपये का लेन-देन होता था और पैसा आने के बाद उसे आपस में बांट लिया जाता था। सरगना समेत तीन आरोपियों की तलाश आरोपियों की पहचान देवरिया बनकटा थाना क्षेत्र के नितीश सिंह, श्रीरामपुर थाना के बंगरुआ का अभय कुमार सिंह, मुजफ्फरनगर थाना शाहपुर अरसौली का वजीद चौधरी, साहिल चौधरी और बिहार सिवान के नौतन थाना क्षेत्र के नारायनपुर के मुन्ना कुमार के रूप में हुई। इस गैंग के सरगना संजीव सिंह, नितिश प्रताप सिंह, सुनीश कुमार सिंह समेत अज्ञात की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद इस गिरोह के और भी अपराध सामने आएंगे। कमरे में मिला सामान जब्त किया
पुलिस ने मौके से 23 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 1 मिनी लैपटॉप, 3 टेबलेट, 11 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, 1 बायोमेट्रिक डिवाइस, राउटर, पावर बैंक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। शाहपुर थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद थाना शाहपुर में सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से जोड़कर जांच कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह, साइबर कमांडो उपेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र पाण्डेय, सत्यम सिंह, चन्द्रभान सिंह, सुदीप सिंह समेत शाहपुर थाने की टीम शामिल रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *