सिरोही में हाईवे पर गोदाम से अवैध शराब बिक्री:देर रात तक नशा बेचने का आरोप, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सिरोही में हाईवे पर गोदाम से अवैध शराब बिक्री:देर रात तक नशा बेचने का आरोप, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सिरोही जिले में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। टनल के पास, हाईवे से आबूरोड-गुजरात मार्ग पर एक गोदाम को कथित तौर पर शराब की दुकान के रूप में संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि इस गोदाम की आड़ में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेची जा रही है और बोर्ड भी लगाए गए हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह स्थान जो मूल रूप से गोदाम था, अब एक शराब की दुकान के रूप में काम कर रहा है। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही के कारण यहां देर रात तक शराब की बिक्री का कथित कारोबार चलता है। इससे आबकारी विभाग की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। देर रात तक शराब बेचने का आरोप
आरोप है कि यहां केवल शराब बेची ही नहीं जा रही, बल्कि गोदाम के आसपास बैठकर शराब पीने की व्यवस्था भी की गई है। इसके कारण देर रात तक यहां लोगों की भीड़ जमा रहती है। यदि ये गतिविधियां बिना वैध अनुमति के हो रही हैं, तो यह आबकारी नियमों के उल्लंघन और विभाग की निष्क्रियता को दर्शाता है। सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी
हाईवे किनारे शराब की बिक्री और सेवन से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। शराब पीने के बाद लोग सीधे हाईवे पर आते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। देर रात शराबियों के जमावड़े से विवाद और झगड़ों की आशंका भी रहती है। पूर्व में नशे में धुत लोगों द्वारा फोरलेन पर वाहनों पर पत्थर फेंकने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिस पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की थी, लेकिन आबकारी विभाग की खामोशी बनी हुई है। आबकारी विभाग की नजर क्यों नहीं?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं तो संबंधित आबकारी अधिकारियों और पुलिस की नजर यहां क्यों नहीं पहुंची? क्या विभाग को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही?
स्थानीय लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौके का निरीक्षण किया जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इधर जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह का कहना है कि अगर इस प्रकार कोई दुकान चल रही हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *