Kanpur Crime: कानपुर के पनकी में छत पर कपड़े सुखाने गई महिला से पड़ोसी द्वारा अश्लील इशारे और हरकत करने का मामला सामने आया है। महिला ने विरोध किया तो आरोप है कि पड़ोसी ने उसके घर में गंदे कपड़े फेंकना शुरू कर दिया। महिला ने घटना की जानकारी पति को दी। पति ने पड़ोसी की हरकत का विरोध किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर आमादा हो गया। इससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया। महिला ने पनकी थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कपड़े सुखाने के दौरान करता था अश्लील इशारे
पीड़िता के मुताबिक, वह घर की छत पर कपड़े सुखाने जाती है। आरोप है कि पड़ोसी युवक उसे देखकर अश्लील इशारे करता है और आंख मारता है। महिला ने कई बार उसकी हरकतों का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर अजीत ने उसके घर में गंदे कपड़े फेंकने शुरू कर दिए। इससे परिवार के लोग भी परेशान हो गए। महिला ने मामले की जानकारी अपने पति को दी।
विरोध करने पर पति से मारपीट पर हुआ आमादा
महिला के अनुसार, पति ने पड़ोसी युवक की हरकतों का विरोध किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि युवक पति से मारपीट करने पर आमादा हो गया। इस दौरान उसकी पत्नी पर भी गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। घटना के बाद पीड़िता पनकी थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

