मिर्जापुर में कच्चा मकान ढहने से 3 की मौत:भारी बारिश के कारण दो अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे, दंपती समेत तीन की जान गई

मिर्जापुर में कच्चा मकान ढहने से 3 की मौत:भारी बारिश के कारण दो अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे, दंपती समेत तीन की जान गई

मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दो अलग-अलग घटनाओं में कच्चे मकान ढहने से तीन वृद्धों की मौत हो गई। इन हादसों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। मृतकों में एक वृद्ध दंपती भी शामिल हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही, पात्र होने के बावजूद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने के कारणों की जांच कराने की बात कही है। पहली घटना ग्राम पंचायत रजौहा में बुधवार रात करीब 11 बजे हुई। गांव के निवासी रमाशंकर सिंह पटेल (68) और उनकी पत्नी अशोक कुमारी (68) अपने खपरैल वाले कच्चे मकान में सो रहे थे। देर रात अचानक कच्ची दीवार और खपरैल उनके ऊपर गिर गई। लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दंपती को मलबे से बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे में वृद्ध दंपती की एक साथ मौत से गांव में शोक का माहौल है। दूसरी घटना बभनी गांव में हुई। यहां हीरालाल (65) अपनी पत्नी केवली देवी (60) के साथ खेत पर बने एक कच्चे मकान में रहते थे, जहां वे बोरवेल और फसलों की देखभाल करते थे। बुधवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद दोनों सो गए। देर रात लगभग एक बजे उनके कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिससे दोनों मलबे में दब गए। गुरुवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने ध्वस्त मकान देखा और तत्काल परिजनों को सूचित किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने केवली देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल हीरालाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान रेफर किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *