मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से सागर जिले में बारिश का दौर जारी है। बुधवार शाम शहर समेत ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश के बाद देर रात रुक-रुककर बारिश हुई। बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। बारिश के बीच वातावरण में धुंध फैली। यूनिवर्सिटी रोड पर धुंध नजर आई। बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इस समय सागर का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम पारा 22.3 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। जिले में बारिश के इस सीजन में अब तक 20.8 इंच औसत बारिश हो चुकी है। जबकि पिछले साल 19 अगस्त तक जिले में 35.1 इंच बारिश हुई थी। 40.6 प्रतिशत कम पानी गिरा
इस प्रकार पिछले साल की तुलना में इस वर्ष जिले में 40.6 प्रतिशत कम पानी गिरा है। वहीं जिले की सामान्य बारिश 1230.5 मिमी यानी 48.4 इंच है। जिसकी तुलना में अब तक जिले में 42.9 प्रतिशत बारिश हुई है। ऐसे में जिले की बारिश का कोटा पूरा करने के लिए सीजन के शेष बचे 41 दिनों में 27.6 इंच औसत बारिश की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 24 अगस्त के बीच बारिश का असर धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्यप्रदेश तक बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों में जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। देवरी विकासखंड में सबसे ज्यादा 857 मिमी बारिश
जिले में अब तक हुई बारिश में सबसे ज्यादा पानी देवरी विकासखंड में 857 मिमी गिरा है। वहीं सबसे कम बारिश शाहगढ़ में 247 मिमी हुई है। इसके अलावा सागर में 411, जैसीनगर में 543, राहतगढ़ में 554, बीना में 585, खुरई में 511, मालथौन में 544, बंडा में 458, गढ़ाकोटा में 626, रहली में 581 और केसली में 423 मिमी बारिश हुई है।

