गोरखपुर में हर घर से 100% कूड़ा उठाने का आदेश:नगर आयुक्त बोले- लापरवाही पर कार्रवाई, वार्डों में बनेंगे WhatsApp ग्रुप

गोरखपुर में हर घर से 100% कूड़ा उठाने का आदेश:नगर आयुक्त बोले- लापरवाही पर कार्रवाई, वार्डों में बनेंगे WhatsApp ग्रुप

स्वच्छ भारत मिशन के तहत गोरखपुर शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी को देखते हुए नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोन संख्या-1 के 17 वार्डों में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस बैठक में 100% कूड़ा कलेक्शन पर ज़ोर दिया गया है। नगर आयुक्त ने लापरवाह कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ वार्डों में हो रही समस्या को लेकर वाट्सअप ग्रुप बनाने के लिए भी कहा गया है। बैठक में 17 वार्डों के सुपरवाइजर, मेठ और 58 डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों के चालकों के काम की विस्तार से समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने साफ कहा कि शहर के सभी वार्डों में घर-घर से शत-प्रतिशत कूड़ा उठाया जाना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 100 प्रतिशत घर-घर कूड़ा उठाने के निर्देश नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि हर घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए। इसके साथ ही शाम के समय लगने वाले प्रमुख बाजारों में सफाई के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने को कहा गया है। बाजारों में दुकानों और ठेलों से निकलने वाले कचरे को समय पर उठाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि बाजार बंद होने के बाद सड़कों और आसपास के इलाकों में कूड़ा जमा न हो। यूजर चार्ज की वसूली हर महीने 10 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के साथ-साथ यूजर चार्ज की वसूली बढ़ाने पर भी जोर दिया है। नगर आयुक्त ने हर महीने यूजर चार्ज की वसूली में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए घरों की जानकारी अपडेट करने और नागरिकों को यूजर चार्ज से जुड़ी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का उद्देश्य है कि नागरिकों को यह जानकारी हो कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी उनके इलाके में किस समय और किस रूट से आएगी। हर मकान का मोबाइल नंबर अपडेट होगा नगर आयुक्त ने सभी मकानों के मोबाइल नंबर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड के नागरिकों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने को कहा गया है। इन ग्रुप के जरिए लोगों को सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के रूट, समय और यूजर चार्ज से संबंधित जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को घर पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का होगा सर्वे नगर निगम क्षेत्र में आने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे भी कराया जाएगा। दुकानों, प्रतिष्ठानों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों की जानकारी जुटाकर उनकी टैगिंग की जाएगी। इससे व्यावसायिक क्षेत्रों से निकलने वाले कचरे की निगरानी और उसके नियमित उठान में मदद मिलेगी। साथ ही यूजर चार्ज की वसूली को भी व्यवस्थित करने में आसानी होगी। लापरवाही करने वाले वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों के संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि वाहनों को पार्किंग से समय पर निकालकर निर्धारित बीट पर पहुंचना जरूरी है। जो वाहन चालक बीट पर कम समय देते हैं, समय से वाहन नहीं निकालते या कूड़ा संग्रहण के काम में लापरवाही करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को वाहनों और कर्मचारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई कर्मचारियों के लिए नई समय-सारणी लागू सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और काम करने के तरीके में सुधार के लिए नई समय-सारणी लागू की गई है। इसके तहत सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक बीट कर्मचारी ठेले और झाड़ू के साथ गलियों की सफाई करेंगे। प्रत्येक 500 मीटर के क्षेत्र में गलियों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इस काम की निगरानी मुख्य सफाई निरीक्षक करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सार्वजनिक स्थानों और खाली प्लॉटों की सफाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य है कि सफाई कर्मचारियों के काम को तय समय के अनुसार व्यवस्थित किया जाए। गीले और सूखे कचरे को अलग रखना होगा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए घर से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने पर जोर दिया गया है। नगर निगम ने इसे स्रोत पर कचरा पृथक्करण यानी सोर्स सेग्रीगेशन के रूप में लागू करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की जाएगी कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें और कूड़ा संग्रहण वाहन आने पर उसे अलग-अलग दें। इससे कचरे के निस्तारण और उसके दोबारा उपयोग में आसानी होगी। कूड़ा उठाने वाले वाहनों को रोजाना दो ट्रिप लगानी होंगी डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों के लिए प्रतिदिन दो ट्रिप लगाना अनिवार्य किया गया है। इससे ज्यादा से ज्यादा घरों और व्यावसायिक क्षेत्रों से कूड़ा उठाया जा सकेगा। नगर निगम की कोशिश है कि कूड़ा सड़कों, गलियों या खाली प्लॉटों में जमा न हो और नियमित रूप से उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाए। अधिकारियों और टीम के सदस्यों ने लिया हिस्सा बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल सैनिट्री अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अनुष्का सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश बिरौनिया के अलावा PMU टीम और आईईसी टीम के सदस्य मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, सफाई व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाएगी और जिन क्षेत्रों में कूड़ा उठान या सफाई में कमी मिलेगी, वहां तत्काल सुधार कराया जाएगा। शहर को साफ रखने के लिए निगम के साथ-साथ नागरिकों की भागीदारी पर भी जोर दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *