4 साल के मासूम पर चढ़ा ट्रक, सिर कटकर अलग:झांसी में ट्रक ने बाइक को 200 मीटर घसीटा, दादी समेत दो की और मौत

4 साल के मासूम पर चढ़ा ट्रक, सिर कटकर अलग:झांसी में ट्रक ने बाइक को 200 मीटर घसीटा, दादी समेत दो की और मौत

झांसी में बुधवार रात को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक परिवार को रौंद दिया। हादसे में महिला, उसके 4 साल के पोते समेत 3 लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को लगभग 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। मासूम बच्चा बाइक पर सबसे आगे बैठा था। टक्कर के बाद पहिया उसके ऊपर से निकल गए। इस वजह से बच्चे संस्कार उर्फ भानू (4) का सिर और एक पैर धड़ से अलग हो गए। दादी उर्मिला रजक (45) के सिर भी बुरी तरह कुचल गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों के टुकड़े लगभग 50 मीटर तक बिखर गए। हादसे में बच्चे के दादा आनंद रजक (48) और बाइक चालक रविंद्र पाल (21) घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां पर इलाज के दौरान देर रात लगभग 12 बजे रविंद्र ने दम तोड़ दिया। आनंद की स्थिति नाजुक है। उर्मिला की बेटी की डिलेवरी हुई थी। उसे देखने के लिए परिवार अस्पताल आया था। रात को सभी बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में रात लगभग 8:30 बजे एक्सीडेंट हो गया। गुरुवार को पुलिस शवों के पोस्टमार्टम कराएगी। हादसा बबीना थाना क्षेत्र के बीएचईएल क्षेत्र में हुआ है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए जिद करके दादी के साथ आया था पोता आनंद रजक बबीना थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में रहते हैं। वह खेती किसानी के साथ मजदूरी करते हैं। उनके एक बेटा और 3 बेटी हैं। महेंद्र, खुशबू और शिवानी की शादी हो चुकी है, जबकि दीक्षा अविवाहित है। आनंद के भाई फूलसिंह ने बताया- शिवानी की शादी नोनेर गांव में हुई थी। शिवानी गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसे मेडिकल कॉलेज के पास न्यू टाटा हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। बुधवार को बेटी और नवजात नातिन को देखने के लिए बड़े भाई आनंद, भाभी उर्मिला हॉस्पिटल आए थे। भाई बाइक नहीं चला पाते थे, इसलिए पड़ोस के गांव सुकुवां निवासी रविंद्र पाल को साथ लाए थे। दादी को जाते देखकर उनका पोता भानू भी साथ चलने की जिद करने लगा। रोता देख भाभी पोते को भी अपने साथ ले आई थी। बाइक को 200 मीटर तक घसीटा फूलसिंह ने आगे बताया- हॉस्पिटल से रात लगभग 8:30 बजे सभी लोग बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में बीएचईएल स्थित महिमा ढाबा के पास पहुंचे तो तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक बाइक को लगभग 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में भाभी उर्मिला, उनके पोते भानू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रविंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। बेटे के बारे में पूछता रहा पिता मृतक बच्चे के पिता महेंद्र ने बताया- बहन की डिलीवरी की वजह से मैं हॉस्पीटल में ही रुक गया था। एंबुलेंस चालक ने फोन करके हादसे की जानकारी दी तो अस्पताल पहुंच गया। एंबुलेंस में घायल पिता और रविंद्र को देखकर महेंद्र अपने बच्चे और मां के बारे में पूछने लगा। कभी एंबुलेंस चालक तो कभी दरोगा से वह बच्चे के बारे में पूछता रहा। जब उसे पता चला कि हादसे में उसके बच्चे और मां की मौत हो गई तो वह रोते हुए बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे संभाला। महेंद्र खेती किसानी करता है। उसके दो बेटों में भानू छोटा था। एक बड़ा बेटा सत्तू (6) है। रविंद्र की 11 महीने पहले हुई थी शादी रविंद्र के पिता सियाराम पाल दिव्यांग है। उनके रविंद्र से छोटे 3 बेटे विशाल (15), रामवीर (10) अनुराग (8) और एक बेटी अर्चना (16) है। रविंद्र की शादी लगभग 11 महीने पहले डोली से हुई थी। पिता के दिव्यांग और भाई-बहनों के छोटे-छोटे होने के कारण रविंद्र ही मजदूरी करके पूरा परिवार का पाल रहा था। एक्सीडेंट में रविंद्र की मौत होने की खबर सुनकर पत्नी डोली और मां इमरती बेसुध हो गई। ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया- कंटेनर झांसी से ललितपुर की ओर जा रहा था। उसने पीछे से बाइक को टक्कर मारी है। हादसे में एक बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई। एक घायल का इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर बबीना थाने में केस दर्ज किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *