लुधियाना के नीला झंडा रोड पर हंगामा:तेज आवाज में गाने बजाने से रोका तो, हमलावरों ने बरसाईं कांच की बोतलें

लुधियाना के नीला झंडा रोड पर हंगामा:तेज आवाज में गाने बजाने से रोका तो, हमलावरों ने बरसाईं कांच की बोतलें

लुधियाना के नीला झंडा रोड पर देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब तेज आवाज में गाने बजाकर निकल रहे युवकों को आवाज कम करने और गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। आरोप है कि कार सवार युवकों के पीछे बाइक पर आए तीन युवकों ने इलाके के लोगों पर ताबड़तोड़ कांच की बोतलें बरसा दीं। लोग किसी तरह इधर-उधर भागकर बचने में कामयाब रहे। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और सड़क पर जगह-जगह कांच बिखरा रह गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिविजन नंबर-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। दिनभर ड्राइवरी करने के बाद घर लौटते हैं : जसबीर
इलाका निवासी जसबीर सिंह ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करते हैं। दिनभर काम करने के बाद वह रात को घर लौटते हैं। उनका कहना है कि इलाके में रोजाना कुछ युवक गाड़ियों में तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाते हुए निकलते हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। जसबीर के मुताबिक, देर रात एक काले रंग की स्कॉर्पियो में युवक तेज आवाज में गाने बजाते हुए निकले। उन्होंने केवल स्कॉर्पियो चालक से गाड़ी थोड़ी धीमी चलाने और स्पीकर की आवाज कम करने के लिए कहा था। पीछे से बाइक पर आए 3 युवक
जसबीर ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो के पीछे ही बाइक पर तीन युवक आए। उन्होंने आते ही लोगों की तरफ ताबड़तोड़ कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इधर-उधर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। हमलावर घटना के बाद बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। बोतलें सड़क पर गिरने और टूटने के कारण पूरी सड़क पर कांच बिखर गया। किसी को बोतल नहीं लगी-ASI बलविंदरजीत सिंह
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन नंबर-3 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से जानकारी हासिल की। मौके पर पहुंचे एएसआई बलविंदरजीत सिंह ने बताया कि कुछ युवकों ने सड़क पर कांच की बोतलें मारी हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को बोतल नहीं लगी और लोगों का बचाव हो गया। पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। एएसआई ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *