देवरिया के बरहज-सोनूघाट मार्ग पर बैरिया तिवारी गांव के पास बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सोनूघाट की ओर से आ रही टाटा मैजिक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टाटा मैजिक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान बरहज थाना क्षेत्र के परसिया तिवारी गांव निवासी लक्ष्मण पासवान (29) पुत्र स्वर्गीय रामकेवल और महुंई कुंवर गांव निवासी गंगेश पटेल (28) पुत्र रामआसरे के रूप में हुई है। लक्ष्मण महुंई कुंवर गांव में एक व्यक्ति के घर देखभाल का काम करते थे। मैजिक की टक्कर से सड़क पर गिरे दोनों युवक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बुधवार को किसी काम से करुअना गए थे। शाम करीब पौने चार बजे वे बाइक से वापस लौट रहे थे। बैरिया तिवारी गांव के पास सोनूघाट की तरफ से आ रही टाटा मैजिक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे। इसी दौरान तहसील में बैठक समाप्त कर क्षेत्र में जा रहे एसडीएम शशिकांत मणि की नजर सड़क किनारे पड़े दोनों युवकों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस आने में देरी की आशंका को देखते हुए युवकों को ऑटो से अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही थी, तभी एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत दोनों घायलों को देवरिया मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराते समय दोनों युवक जीवित थे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे में शामिल टाटा मैजिक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। हेलमेट नहीं पहना था, शराब के नशे में होने की भी बात पुलिस के अनुसार, हादसे के समय दोनों युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों ने हेलमेट पहना होता तो सिर में लगी गंभीर चोट से बचाव संभव हो सकता था। गंगेश पटेल अपने पिता रामआसरे की तीन संतानों में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

