मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव रहावती के जंगल में बुधवार को एक बार फिर तेंदुआ देखा गया। इस सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जबकि किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, हालांकि देर रात तक टीम को कोई सफलता नहीं मिली। ग्रामीण बाेले- जंगल में लगातार दिख रहा है ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ पिछले कई दिनों से आसपास के जंगलों में लगातार दिखाई दे रहा है। इससे पहले हंसापुर, बटावली, महमूदपुर सिखेड़ा और सैफपुर-फिरोजपुर क्षेत्रों में भी इसकी हलचल देखी गई थी। विभिन्न स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी के बाद वन विभाग ने उसकी निगरानी शुरू कर दी थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने कई बार जंगल में पिंजरे भी लगाए, लेकिन वह हर बार टीम को चकमा देने में कामयाब रहा। बुधवार को रहावती के जंगल में दोबारा उसकी मौजूदगी की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम फिर से सक्रिय हो गई। टीम तेंदुए के संभावित ठिकानों और उसके आने-जाने वाले रास्तों पर कड़ी नजर रख रही है। देर रात तक तलाशी अभियान जारी रहा। तेंदुए की दहशत का असर ग्रामीणों की दिनचर्या पर भी पड़ा है। किसान अकेले खेतों में जाने से बच रहे हैं और समूह बनाकर ही खेतों व जंगल के आसपास निगरानी कर रहे हैं। कुछ ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेंदुए की तलाश में भी जुटे हैं। तेंदुए की हलचल दिखने पर वे तत्काल वन विभाग को सूचित कर रहे हैं। वन विभाग की टीम ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुए के करीब न जाने की अपील कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने का आग्रह किया गया है।

