2 भाइयों को सांप ने काटा, छोटे की मौत:हॉस्पिटल ले जाते समय दम तोड़ा, बड़े की हालत गंभीर

2 भाइयों को सांप ने काटा, छोटे की मौत:हॉस्पिटल ले जाते समय दम तोड़ा, बड़े की हालत गंभीर

बांसवाड़ा में बुधवार रात घर में सो रहे दो सगे भाइयों को जहरीले सांप ने डस लिया। हादसे में 12 साल के छोटे भाई अनूप की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई अंकित(15) का जिला हॉस्पिटल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर है। परिजनों के अनुसार, छोटे भाई को सांप के काटने का पता नहीं चल सका, जिसके कारण वह परिजनों को भी इस बारे में बता नहीं पाया। इसके बाद इलाज में देरी होने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के मेराणा गांव में बुधवार की देर रात करीब 3 बजे हुई, वहीं अनूप ने बुधवार की सुबह हॉस्पिटल ले जाते समय दम तोड़ दिया। रात करीब 3 बजे सांप ने दोनों भाइयों को डंसा
सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि मेराणा निवासी मनजी चरपोटा के दोनों बेटे बुधवार रात घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे जहरीले सांप ने दोनों भाइयों को काट लिया। सांप के डसने के बाद अंकित की नींद खुल गई। उसने घबराकर तुरंत परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे सज्जनगढ़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। छोटे भाई को सांप के डंसने का पता नहीं चला
परिजनों के अनुसार, हादसे के समय अनूप(12) को सांप के डंसने का पता नहीं चल सका। वह परिजनों को इस बारे में समय पर जानकारी नहीं दे पाया। कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे लेकर सज्जनगढ़ अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अनूप की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भी एमजी अस्पताल रेफर किया, लेकिन हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अनूप क्लास 6 में पढ़ता था, लेकिन सांप के काटने को वह घबराहट में बता ही नहीं पाया और समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलने पर सज्जनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार शाम करीब 6 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक अनूप का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *