Jaipur Murder: 9 साल का अफेयर, डेढ़ साल की शादी.. महेश नहीं गणेश को चाहती थी कविता, ऐसे रची हत्या की साजिश

Jaipur Murder: 9 साल का अफेयर, डेढ़ साल की शादी.. महेश नहीं गणेश को चाहती थी कविता, ऐसे रची हत्या की साजिश

जयपुर। राजधानी जयपुर के वीकेआई थाना क्षेत्र में महेश मीणा की हुई मौत मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महेश की पत्नी कविता और उसके कथित प्रेमी गणेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 27 साल के गणेश मीणा की हत्या का मामला दर्ज हुआ है। महेश की मौत के बाद पत्नी कविता अस्थियां लेकर हरिद्वार भी गई, लेकिन CCTV फुटेज और सामने आए कथित वीडियो से पूरे मामले पर लगा पर्दा हट गया।

मामला 5 अगस्त का है। उस दिन महेश अपनी पत्नी कविता को दवाई दिलाने बाइक से निकला था। दोनों बगरू के बोराज इलाके में दवाई लेने गए। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिवार चिंतित हो गया। शाम करीब 5 बजे महेश के छोटे भाई मनीष ने कविता को फोन किया। कविता ने जल्द घर पहुंचने की बात कही। कुछ देर बाद उसने फोन कर बताया कि महेश की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह विश्वकर्मा इलाके में 14 नंबर पुलिया के पास आकर उसे ले जाए।

jaipur mahesh meena murder
पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी (फोटो-पत्रिका)

शुरुआत में रची झूठी कहानी

मनीष अपनी बहन संतोष के साथ मौके पर पहुंचा। वहां महेश सड़क किनारे बेसुध मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में कविता ने परिवार को बताया कि श्याम नगर के 200 फीट चौराहे के पास महेश की तबीयत बिगड़ी थी। उसके बेहोश होने पर उसने बाइक खुद चलाने की कोशिश की और रास्ते में हालत ज्यादा खराब होने पर उसे 14 नंबर पुलिया के पास सड़क किनारे लिटा दिया।

सीसीटीवी से खुला मामला

हालांकि, महेश के पिता बाबूलाल मीणा को यह कहानी संदिग्ध लगी। उन्होंने परिवार के साथ घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। परिवार के मुताबिक, फुटेज में घटनाक्रम कविता के बयान से अलग नजर आया। दावा है कि महेश को दो बाइकों पर तीन युवक लेकर आते दिखाई दिए, जबकि कविता भी एक युवक के साथ बाइक पर थी।

परिजनों ने फुटेज के आधार पर गणेश, अजय मीणा और गोलू प्रजापत के नाम सामने आने का दावा किया। इसके बाद महेश के परिवार ने 16 अगस्त को विश्वकर्मा थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया। शिकायत में कविता समेत चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए। मामले में पुलिस ने कविता और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य युवकों की भूमिका की जांच की जा रही है।

महेश नहीं.. गणेश को चाहती थी कविता

पुलिस पूछताछ में कविता ने बताया कि उसके और गणेश के बीच करीब 9 साल से संबंध थे। वह गणेश से ही शादी करना चाहती थी, लेकिन पारिवारिक दबाव की वजह से 2 नवंबर 2024 को उसे महेश से शादी करनी पड़ी। शादी के बाद भी दोनों का संपर्क जारी रहा और महेश उनके रिश्ते में बाधा बन गया। इस वजह से दोनों लंबे समय से महेश को रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर रहे थे।

तबीयत बिगड़ने पर प्रेमी को बुलाया

पुलिस की अब तक की पूछताछ के मुताबिक, कविता दवाई लेने की बात कहकर महेश को बाइक से बोराज ले गई थी। इसके बाद दोनों बस्सी स्थित नई नाथ धाम पहुंचे। आरोप है कि यहीं कविता ने जूस में जहरीली गोलियां मिलाकर महेश को पिला दीं। जहर का असर होने पर जब महेश की हालत बिगड़ने लगी तो कविता ने कथित तौर पर अपने प्रेमी गणेश को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों महेश को लेकर विश्वकर्मा इलाके में 14 नंबर पुलिया के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां पहुंचने के बाद कविता ने गणेश को वापस भेज दिया, ताकि उस पर किसी को शक न हो। इसके बाद उसने अपने देवर को फोन कर महेश की तबीयत अचानक बिगड़ने की जानकारी दी।

वीडियो में ठहाके मारकर हंसी कविता

मामले में दो कथित वीडियो भी सामने आए हैं। परिजनों का कहना है कि एक वीडियो में महेश की मौत को लेकर सवाल पूछे जाने पर कविता हंसती दिखाई दे रही है और कहती है, ‘मैं तो फंस गई, अब घर वाले मुझे मार देंगे।’ दूसरे कथित वीडियो में वह गणेश के दोस्त से फोन पर यह कहते सुनाई देती है, ‘कितना छुपेगा, पकड़ा तो वो भी जाएगा।’ परिवार ने दोनों वीडियो पुलिस को सौंपे हैं।

यह वीडियो भी देखें :

पुलिस मामले की जांच में जुटी

डीसीपी प्रशांत किरण के मुताबिक, शुरुआत में मामला प्राकृतिक कारणों से हुई मौत मानकर मर्ग दर्ज किया गया था। बाद में सामने आए तथ्यों और CCTV फुटेज के आधार पर हत्या का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब CCTV, पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट, मोबाइल कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कथित वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की कानूनी अहमियत भी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *