बिठूर में डूबे दोनों युवकों का सुरागनहीं:तेज बहाव के कारण 15 किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन, गंगा स्नान के दौरान डूबे थे मौसरे भाई

बिठूर में डूबे दोनों युवकों का सुरागनहीं:तेज बहाव के कारण 15 किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन, गंगा स्नान के दौरान डूबे थे मौसरे भाई

कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के गुदारा गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबे दो मौसेरे भाइयों का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। दोनों युवकों की तलाश में जल पुलिस, बिठूर पुलिस और गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। बुधवार को घटनास्थल से लेकर सरसैया घाट तक करीब 15 किलोमीटर के दायरे में गंगा में तलाशी अभियान चलाया गया गंगा का तेज बहाव पुलिस और गोताखोरों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। इधर, दोनों युवकों के परिजन तीन दिन से घाट पर डटे हैं और अपनों के सकुशल मिलने की आस लगाए बैठे हैं। लगातार इंतजार के चलते परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सचेंडी थाना क्षेत्र के चकरपुर मंडी निवासी अभिषेक सोनकर सोमवार तड़के करीब तीन बजे अपने चचेरे भाई आशिक सोनकर (16) और मौसेरे भाई सतीश सोनकर (18) के साथ बाइक से बिठूर के गुदारा गंगा घाट पहुंचे थे। तीनों गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आशिक और सतीश स्नान करते हुए गहरे पानी की ओर चले गए। घाट पर सुरक्षा के लिए लगाई गई चेतावनी रस्सी को पार करते ही दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गए। रस्सी पार करते ही गहरे पानी में पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चेतावनी रस्सी पार करने के कुछ ही देर बाद दोनों युवक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देखकर उनके साथ मौजूद अभिषेक ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। घाट पर मौजूद लोगों और गोताखोरों ने तत्काल गंगा में छलांग लगाकर दोनों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बहते चले गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कराई गई। काफी देर तक प्रयास के बावजूद दोनों युवकों का कोई पता नहीं चला। तीसरे दिन 15 किलोमीटर तक चला अभियान
दोनों युवकों की तलाश में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन का दायरा लगातार बढ़ाया। बुधवार को घटनास्थल से लेकर सरसैया घाट तक करीब 15 किलोमीटर तक गंगा में तलाश की गई। गोताखोरों ने संभावित स्थानों पर पानी में उतरकर खोजबीन की, जबकि पुलिस टीम भी गंगा के किनारे निगरानी करती रही। इसके बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था बचाव-बचाव का वीडियो
घटना के दौरान घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचाने और बचाव की गुहार लगाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में गंगा के तेज बहाव के बीच लोगों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिवार के लोग भी गुदारा घाट पहुंच गए थे। तीन दिन से परिजन घाट पर बैठकर दोनों के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। तेज बहाव ने बढ़ाई मुश्किल
पुलिस और गोताखोरों के सामने सबसे बड़ी समस्या गंगा का तेज बहाव बना हुआ है। बहाव तेज होने के कारण डूबे युवकों के बहकर दूर चले जाने की आशंका है। इसी को देखते हुए सर्च अभियान का दायरा बढ़ाकर कई किलोमीटर तक किया गया है। पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर तलाश कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
सावन के तीसरे सोमवार को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाट पर चेतावनी रस्सी भी लगाई गई थी। इसके बावजूद दोनों युवक रस्सी पार कर गहरे पानी में चले गए। हादसे के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा चेतावनी का पालन नहीं किए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। डीसीपी बोले- लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम अबिदी ने बताया कि गंगा में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को घटनास्थल से लेकर सरसैया घाट तक करीब 15 किलोमीटर के क्षेत्र में तलाश की गई, लेकिन दोनों युवकों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और जल पुलिस की टीमें गोताखोरों की मदद से लगातार प्रयास कर रही हैं। जल्द ही दोनों को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। बरामदगी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *