पानीपत जिले में इसराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत बांध मोड़ पर एक युवक को आधा दर्जन युवकों ने घेरकर बुरी तरह पीटा। यह घटना 16 अगस्त की रात 9 बजे हुई, जब युवक इसराना से अपने गांव बांध लौट रहा था। घायल युवक को पानीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव बांध निवासी मिनेश कुमार पुत्र नफे सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह मांड़ी मोड़ पर पहुंचा, तो उसके ही गांव के अमित, अमित पुत्र जगत सिंह, सुमित, संजू और ललित ने उसका रास्ता रोक लिया। मिनेश के अनुसार, सभी आरोपी शराब के नशे में थे। आरोपियों ने की बदतमीजी, तलाशी ली शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने पहले उसके साथ बदतमीजी की और उसकी तलाशी लेने लगे। जब मिनेश ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मिनेश ने अपने घर फोन किया, जिसके बाद परिजन उसे पानीपत सिविल अस्पताल ले गए। 18 अगस्त को मिनेश कुमार ने इसराना थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मिनेश कुमार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

