फगवाड़ा के लॉ गेट पर 18 और 19 अगस्त की दरमियानी रात निजी सुरक्षा गार्डों और अज्ञात युवकों के एक समूह के बीच झड़प हो गई। एक सुरक्षा गार्ड ने पत्थरबाजी और गोलीबारी का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने घटना में फायरिंग से इनकार किया है। लॉ गेट के एंट्री पॉइंट पर तैनात निजी सुरक्षा गार्ड काजल के अनुसार, एक कार तेजी से गेट की ओर आई और ड्यूटी पर मौजूद गार्डों को टक्कर मारने का प्रयास किया। काजल ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने ड्राइवर से बात की, तो उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने गाड़ी का पीछा किया और भाटिया पीजी तक गए, जहां कार सवार लोग अंदर चले गए। काजल बोलीं- अज्ञात युवक इकट्ठा होकर पत्थर फेंकने लगे काजल ने आगे बताया कि भाटिया पीजी की छत पर 10 से 15 अज्ञात युवक इकट्ठा हो गए और सुरक्षा गार्डों पर पत्थर फेंकने लगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पीजी की ओर से उन पर तीन राउंड फायरिंग की गई, हालांकि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। दूसरी ओर, पुलिस ने गोलीबारी की बात से इनकार किया है। अधिकारियों ने कथित फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। पुलिस झड़प के कारणों की जांच कर रही है और सुरक्षा गार्डों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल कर रही है। इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक घटना के संबंध में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

