हरदोई में विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। दोपहर 1:15 बजे शुरू हुई बैठक करीब 2:30 बजे तक चली। इसमें जिलेभर से आए किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सीडीओ ने सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में किसानों ने बिजली के जर्जर तार, टूटे खंभे, नहरों में पानी की कमी और भूमि मुआवजे से जुड़े मामले उठाए। सीडीओ ने विद्युत विभाग को तत्काल जर्जर तार और पोल बदलने तथा सिंचाई विभाग को नहरों व नालों के कुलबों की मरम्मत कर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण, जलभराव, राशन वितरण और स्वास्थ्य संबंधी मामलों की जांच कर निस्तारण के आदेश भी दिए गए।
कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। फसल बीमा के तहत प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर निर्धारित समय में बैंक को लिखित सूचना देकर दावा प्रस्तुत करने की सलाह दी गई। पशुपालकों से मुफ्त टीकाकरण अभियान का लाभ लेने और पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की गई। कृषि विशेषज्ञों ने संतुलित उर्वरक प्रयोग, बीज शोधन और कीट नियंत्रण के वैज्ञानिक उपाय बताए। सीडीओ ने कहा कि अगले किसान दिवस में आज दर्ज शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीएमओ भावनाथ पांडे, कृषि अधिकारी सतीश चंद पाठक, विद्युत और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, किसान यूनियन के पदाधिकारी और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

