RJD Protest: पटना में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लोक भवन की ओर मार्च निकाला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अगुवाई में गांधी मैदान से शुरू हुआ यह पैदल मार्च लोक भवन की ओर बढ़ा। इस दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव, राजद सांसद मीसा भारती समेत कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
वाटर कैनन का किया इस्तेमाल- आईजी
वहीं पटना के पुलिस महानिरीक्षक (IG) जितेंद्र राणा ने मार्च के दौरान बल प्रयोग से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
राणा ने कहा कि गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च समाप्त हो चुका है और एक प्रतिनिधिमंडल लोक भवन जा रहा है। हिरासत में लिए गए कुछ लोगों को भी बाद में लोक भवन जाने दिया गया।
तेजस्वी यादव ने लगाए आरोप
राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर युवाओं से डरने का आरोप लगाया। हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार स्थायी नहीं होती और एक दिन हर सरकार को जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि RJD छात्रों के अधिकार, बेरोजगारी, परीक्षा में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार युवाओं और जनता से डर रही है। हम जेल जाने से नहीं डरते। छात्रों के अधिकारों के लिए, बेरोजगारी कम करने, पेपर लीक रोकने और परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
बस के ऊपर चढ़े प्रदर्शनकारी
बता दें कि प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस तेजस्वी यादव और अन्य प्रदर्शनकारियों को बस में लेकर जा रही थी, तब कुछ प्रदर्शनकारी बस के ऊपर चढ़ गए। इसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
सांसद मीसा भारती ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार के छात्र जेल जाने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मीसा भारती ने विशेष रूप से सीवान के जिलाधिकारी को निलंबित करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि RJD और बिहार की जनता अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेगी। साथ ही उन्होंने सरकार पर आंदोलन को दबाने के लिए कठोर कार्रवाई करने की आशंका जताई।

