अयोध्या में लगातार बदल रहे मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम, बुखार के साथ कमर और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। कुमारगंज के सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में सुबह 8 बजे से ही मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। सामान्य दिनों में 300 से 400 रहने वाली ओपीडी इन दिनों 500 के पार पहुंच गई है। बच्चों में वायरल फीवर के मामले बढ़े बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार सिंह और डॉ. गणेश लाल ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण बच्चों में वायरल फीवर के मामले बढ़े हैं। गंभीर हालत वाले बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में सबसे ज्यादा परेशानी ओपीडी पर्चा बनवाने में हो रही है। ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होने के कारण सर्वर की समस्या आने पर मरीजों और तीमारदारों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। कमर और मांसपेशियों के दर्द के मरीज भी बढ़े डॉ. प्रवीण बरनवाल ने बताया कि कमर और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत लेकर भी बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं। युवाओं में सर्वाइकल की समस्या भी देखने को मिल रही है, जिसका कारण खान-पान और गलत तरीके से उठने-बैठने व सोने को माना जा रहा है। सीएमएस डॉ. रवि पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल में जरूरी जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है। गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है, जबकि आयुष्मान योजना के तहत भी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में मौसम में अचानक बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सक उपचार के साथ मरीजों को बीमारी से बचाव के उपाय भी बता रहे हैं।

