कुरुक्षेत्र में लूट के दो आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़:निशानदेही दौरान झाड़ियों में छिपाई पिस्टल निकाल किया फायर, जवाबी कार्रवाई में घायल

कुरुक्षेत्र में लूट के दो आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़:निशानदेही दौरान झाड़ियों में छिपाई पिस्टल निकाल किया फायर, जवाबी कार्रवाई में घायल

कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर हथियार के बल पर हुई लूट के मामले में गिरफ्तार दो मुख्य आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। सीआईए-1 की टीम दोनों आरोपियों कमल और साहिल को लूट में इस्तेमाल हथियार और कपड़े बरामद करने के लिए उमरी चौक के पास एनएच-44 स्थित फ्लावर सिटी के साथ लगते खाली प्लाट में लेकर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, झाड़ियों में छिपाई पिस्तौल निकालने के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों की टांग में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दोबारा काबू कर लिया। सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान सेक्टर-7 में अधिवक्ता के घर हुई लूट की वारदात कबूल कर ली थी। पुलिस जांच में आरोपियों की निशानदेही पर लूट का कुछ सामान भी अलग-अलग स्थानों से बरामद किया जा चुका है। हालांकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए जाने बाकी थे। हथियार की जगह बताई, पुलिस लेकर पहुंची थी फ्लावर सिटी के पास पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल उन्होंने उमरी चौक के पास फ्लावर सिटी के बगल में खाली पड़े प्लाट की झाड़ियों में छिपा रखी है। इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर जब झाड़ियों में हथियार की तलाश की जा रही थी, तभी दोनों ने पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मौके से भागने की भी कोशिश की। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब छह से सात राउंड फायर होने की बात सामने आई है। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर मौके पर गिर गए। पुलिस ने उन्हें तुरंत काबू कर लिया। एक देसी पिस्तौल बरामद मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना लाइसेंस का देसी पिस्तौल बरामद किया है। दोनों घायलों को उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अब मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग, बरामद हथियार और लूट की वारदात में आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-7 में अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर हथियार के बल पर हुई लूट के मामले में कमल और साहिल मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। अब पुलिस आरोपियों से बरामद हथियार के अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए कपड़ों और लूट के बाकी सामान की बरामदगी के लिए भी पूछताछ कर रही है। 6 अगस्त की रात वकील के घर हुई थी लूट पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त की रात करीब 10 बजे चार युवक सेक्टर-7 स्थित अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर में घुसे थे। आरोपियों ने अधिवक्ता और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। 7 अगस्त को अधिवक्ता की शिकायत पर थाना शहर थानेसर में केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमों को जांच सौंपी थी। सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। पहले चार आरोपी गिरफ्तार, फिर रैकी करने वाला भी पकड़ा जांच के दौरान 10 अगस्त को सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमों ने लूट में शामिल कमल निवासी पानीपत, साहिल निवासी सोनीपत, प्रिंस निवासी पानीपत और अंश जैन उर्फ लाला निवासी सोनीपत को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इन आरोपियों से 5.50 लाख रुपये बरामद किए थे। सभी को अदालत में पेश कर 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि वारदात से पहले घर की रैकी भी की गई थी। इसके बाद 14 अगस्त को सीआईए-1 की टीम ने रैकी करने के आरोपी राजीव उर्फ बोबी उर्फ दादा निवासी रोहिणी, दिल्ली को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में गिरफ्तार किया। आरोपियों से लाखों की बरामदगी 16 अगस्त को सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक कुमार की टीम नें मामले में शामिल प्रिंस उर्फ पंछी निवासी पानीपत और शिव कुमार उर्फ शिब्बा निवासी गन्नौर, सोनीपत को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, प्रिंस के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, मूर्तियां, 28 राउंड, 4.50 लाख रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद की गई। वहीं शिव कुमार से 1 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक आरोपियों से करीब 15 लाख रुपये की नकदी, लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, मूर्तियां और 28 राउंड बरामद किए जा चुके हैं। वारदात में इस्तेमाल गाड़ी भी पुलिस ने कब्जे में ली है। लूट की पूरी साजिश खंगाल रही पुलिस सेक्टर-7 लूटकांड में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें लूट की वारदात में शामिल आरोपी, रैकी करने वाला आरोपी और लूट के सामान को ठिकाने लगाने में शामिल आरोपी बताए जा रहे हैं। वहीं कमल और साहिल से मुठभेड़ के बाद बरामद देसी पिस्तौल को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात की पूरी साजिश, हथियारों की व्यवस्था, रैकी और लूट के सामान को ठिकाने लगाने से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे भी बरामदगी और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *