बेटी को जन्म देने के बाद मां की मौत:कानपुर में पहली बच्ची के जन्म की खुशियां मातम में बदलीं, अस्पताल के बाहर हंगामा

बेटी को जन्म देने के बाद मां की मौत:कानपुर में पहली बच्ची के जन्म की खुशियां मातम में बदलीं, अस्पताल के बाहर हंगामा

कानपुर में मंगलवार की रात करीब 10 बजे एक प्राइवेट अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे भड़के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के डिवाइन मेडिकल सेंटर का है। अब विस्तार से पूरा मामला जानिए…
कानपुर देहात के रसूलाबाद के लाल गांव निवासी विपिन किसान हैं। उनकी शादी करीब पांच वर्ष पहले गुड़िया (23) से हुई थी। विपिन के मुताबिक, बीते रविवार देर रात उनकी पत्नी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। वह उसे गांव के ही एक डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसे कल्याणपुर स्थित डिवाइन मेडिकल सेंटर में भर्ती कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद स्टाफ ने ऑपरेशन से प्रसव कराने की बात कही और उनसे पहले करीब 60 हजार रुपये जमा करा लिए। इसके बाद ऑपरेशन के जरिए गुड़िया ने पहले बच्चे को जन्म दिया। उसे बेटी हुई। बेटी के जन्म के बाद गुड़िया की हालत बिगड़ने लगी। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने पेट में संक्रमण होने की बात कहते हुए परिजनों से करीब डेढ़ लाख रुपए और जमा करा लिए। परिजनों के मुताबिक, इसके बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। कुछ देर बाद उसकी स्थिति और गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन शव लेकर वापस डिवाइन मेडिकल सेंटर पहुंच गए। परिजनों ने अस्पताल में डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल का स्टाफ मौके से निकल गया। इसके बाद परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही अस्पताल के संबंध में भी जानकारी जुटाई। परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बेटी के जन्म की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदली
परिजनों के मुताबिक, गुड़िया ने अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। परिवार में नवजात के आने से खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही समय बाद महिला की हालत बिगड़ गई। दूसरे अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया तो परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर बेहतर इलाज मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। पति बोला- पल भर की खुशी के बाद जीवन भर साथ छोड़ गई गुड़िया
पत्नी की मौत के बाद पति विपिन ने बताया कि पत्नी ने पहले पल भर की खुशी दी उसके बाद जीवन पर का साथ छोड़ दिया। ऑपरेशन के दौरान पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। बेटी का चेहरा तक नहीं देख पाई। कुछ घंटों बाद ही डॉक्टरों की लापरवाही के चलते उसकी मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने हॉस्पिटल मे हंगामा काटना शुरू कर दिया। एसीएमओ बोले- रजिस्ट्रेशन की जांच कर कार्रवाई की जाएगी
एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया की घटना की जानकारी मिली हुई है। हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन है या नहीं इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जायेगी। अगर रजिस्ट्रेशन हुआ है तो मानक पूरे किए गए है या नहीं। जांच में अगर मानक पूरे नहीं मिले तो हॉस्पिटल को सीज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि महिला के परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हंगामा कर रहे परिजनों को समझाकर शांत करा दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *