उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती-2025 की मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए 28 विषयों के अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन विवरण भर सकते हैं। आयोग ने 18 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। अभ्यर्थियों को 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन की सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि राजकीय महाविद्यालयों में सहायक आचार्य के 28 विषयों की प्रारंभिक परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम जारी किए जा चुके हैं। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध “Assistant Professor, Government Degree College (Mains) Exam-2025” लिंक पर जाकर ऑनलाइन विवरण भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की पीडीएफ फाइल अपलोड करना अनिवार्य है। सभी विवरण और दस्तावेज पूरे करने के बाद अभ्यर्थियों को 31 अगस्त 2026 तक आवेदन सबमिट करना होगा। ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट निकालना होगा। इसके साथ सभी संलग्नकों, प्रत्येक वर्ष की अंकतालिकाओं, उपाधियों और अन्य संबंधित प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां तैयार कर यूपीपीएससी कार्यालय, प्रयागराज में 7 सितंबर 2026 को शाम पांच बजे तक जमा करना अनिवार्य है। आयोग ने चेतावनी दी है कि प्रारंभिक परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन में श्रेणी, उपश्रेणी अथवा अर्हता से संबंधित किए गए दावों के समर्थन में आवश्यक अभिलेख मुख्य परीक्षा के आवेदन पत्र के साथ संलग्न न होने की स्थिति में विज्ञापन की शर्तों के अनुसार अभ्यर्थन निरस्त किया जा सकता है।

