हाथरस में सदर कोतवाली क्षेत्र के जलेसर रोड पर मंगलवार रात 10:30 के लगभग एक लाइनमैन की विद्युत पोल से गिरकर मौत हो गई। यह घटना काशीराम कॉलोनी के पास उस समय हुई जब लाइनमैन बिजली की लाइन ठीक कर रहा था। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे जयवीर पुत्र रघुवीर जलेसर रोड स्थित एक विद्युत पोल पर लाइन ठीक करने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव भोपतपुर निवासी जयवीर विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर तैनात था। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और विभागीय कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। घायल जयवीर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जयवीर की मृत्यु की खबर मिलते ही उसके परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। विभागीय कर्मचारियों ने सुरक्षा उपकरणों की कमी और लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

