रूस ने यूक्रेन पर किया मिसाइल अटैक, 10 लोगों की हुई मौत और 8 घायल

रूस ने यूक्रेन पर किया मिसाइल अटैक, 10 लोगों की हुई मौत और 8 घायल

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) में दोनों देशों की तरफ से लगातार हमले किए जा रहे हैं। यूक्रेन जहाँ लगातार रूस पर ड्रोन अटैक कर रहा है, तो वहीँ रूस की तरफ से भी यूक्रेन पर ताबड़तोड़ मिसाइलें और ड्रोन्स दागे जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन के ड्रोन अटैक्स ने रूस की तेल रिफाइनरियों को काफी नुकसान पहुंचाया है, जिसके जवाब में रूस ने भी यूक्रेन के शहरों पर हमले तेज़ कर दिए हैं। मंगलवार, 18 अगस्त को रूसी सेना ने यूक्रेन के पूर्वी खारकीव (Kharkiv) ओब्लास्ट के पेचेनिही (Pechenihy) शहर पर मिसाइल अटैक किया।

10 लोगों की हुई मौत

यूक्रेन के पूर्वी खारकीव इलाके के पेचेनिही शहर पर रूस के मिसाइल अटैक की वजह से जान-माल का काफी नुकसान हुआ। स्थानीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई।

8 लोग हुए घायल

स्थानीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि रूस के इस मिसाइल अटैक में 8 लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

क्रूज़ मिसाइलों से किया हमला

जानकारी के अनुसार रूसी सेना ने दो बैंडरॉल क्रूज़ मिसाइलों से पेचेनिही शहर में एक भीड़-भाड़ वाले इलाके पर हमला किया। दोनों मिसाइलें एक चौराहे पर गिरीं, जिससे हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनेगुबोव (Oleh Synegubov) ने टेलीग्राम पर बताया कि इस हमले में 10 घरों, एक कैफे, एक पोस्ट ऑफिस, एक दुकान और करीब 7 गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। सरकारी वकीलों ने युद्ध अपराध के मामले के तहत जांच शुरू कर दी है और पेचेनिही समुदाय ने इस हमले के बाद दो दिन के शोक की घोषणा की है।

युद्ध के जल्द खत्म होने की नहीं है उम्मीद

रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी, 2022 से जारी है और इसे 53 महीने से ज़्यादा समय बीत चुका है। इतने लंबे समय से चले आ रहे युद्ध के जल्द खत्म होने की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं है। जब यह युद्ध शुरू हुआ था, तब लगा था कुछ ही दिन में यूक्रेन के खिलाफ रूस की जीत हो जाएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। यूक्रेन को कई देशों से सैन्य और आर्थिक मदद मिली, जिसकी वजह से अभी भी वो रूस का सामना कर रहा है। जब से युद्ध शुरू हुआ है, रूस ने यूक्रेन में तबाही मचाई है, लेकिन पिछले कुछ समय में यूक्रेन ने भी रूस पर हमले बढ़ा दिए हैं। दोनों देशों को इस युद्ध की वजह से नुकसान झेलना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *