Alwar News: जहरीली दवा खाने से महिला की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Alwar News: जहरीली दवा खाने से महिला की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के रावण देवरा गांव में कथित रूप से जहरीली दवा खाने से 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान हीना पत्नी सीताराम रैबारी के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार हीना ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा खा ली थी। दवा खाने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिजन बिना देर किए उसे इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती किया। चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान कुछ घंटों बाद हीना ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

10 साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार हीना की शादी करीब 10 साल पहले सीताराम रैबारी के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। मां की अचानक मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह घटना बेहद दुखद है। बच्चों को अब मां के चले जाने का गहरा सदमा लगा है। घटना की सूचना मिलने पर विजय मंदिर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों की मौजूदगी में महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

कारण अभी साफ नहीं

विजय मंदिर थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने जहरीली दवा किन परिस्थितियों में और क्यों खाई। फिलहाल महिला के इस कदम के पीछे का कारण सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर परिवार की ओर से किसी तरह की स्पष्ट वजह सामने नहीं बताई गई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *