उन्नाव के नवाबगंज विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए लगभग 200 राखियां तैयार की हैं। मंगलवार दोपहर खंड शिक्षा अधिकारी शुचि गुप्ता के नेतृत्व में बच्चों और शिक्षकों के एक दल ने इन राखियों को जिलाधिकारी को सौंपा। इन राखियों को रक्षाबंधन के अवसर पर जिलाधिकारी के माध्यम से सेना के जवानों तक पहुंचाया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी शुचि गुप्ता ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले नवाबगंज विकासखंड के सभी बेसिक विद्यालयों को बच्चों से राखियां तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। शिक्षकों के सहयोग से बच्चों ने उत्साहपूर्वक राखियां बनाईं, जिन्हें बाद में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एकत्र किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन सैनिकों तक बच्चों का प्यार और स्नेह पहुंचाना है, जो ड्यूटी के कारण रक्षाबंधन पर अपने परिवार के साथ नहीं रह पाते। इन राखियों के माध्यम से सैनिकों को यह महसूस कराने का प्रयास किया जा रहा है कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। बीईओ शुचि गुप्ता के अनुसार, रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का त्योहार नहीं, बल्कि देश की रक्षा में लगे जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी अवसर है। शुचि गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सैनिकों से जोड़ना और उनमें राष्ट्रधर्म की भावना विकसित करना है। विद्यालयों के शिक्षकों के सहयोग से बच्चों ने उत्साहपूर्वक राखियां बनाईं। कुल लगभग 200 राखियां एकत्र की गई हैं, जिन्हें जिलाधिकारी के माध्यम से सेना के जवानों तक भेजा जाएगा। यह पूरा प्रयास जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में किया गया है।

