देवरिया में लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को 12 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना प्रभारी पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा के साथ कथित अभद्रता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एडीएम प्रशासन को दिया। जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जेठवारा थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानूनी और विभागीय कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा के लिए पांच पुलिसकर्मी गनर के रूप में उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। पार्टी द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा प्रतापगढ़ में एक पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और उनके दुख में शामिल होने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान जेठवारा थाना प्रभारी ने सार्वजनिक स्थान पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के गले में पड़े पार्टी के गमछे को उतरवाया और कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग की। पार्टी ने दावा किया है कि इस घटना का वीडियो मौजूद लोगों ने बनाया और यह वायरल हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने इस कथित व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए मामले में FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

