जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ी सेहत, पूर्व प्रेसिडेंट आरिफ अल्वी ने जताई चिंता

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ी सेहत, पूर्व प्रेसिडेंट आरिफ अल्वी ने जताई चिंता

Imran Khan Health Update: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। जेल में बंद इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट को पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने चिंताजनक बताया है। अल्वी ने कहा कि खान की एंग्जायटी, तनाव, दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।

इमरान खान की सेहत को लेकर क्यों चिंतित हैं आरिफ अल्वी?

आरिफ अल्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए इमरान खान की सेहत को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इमरान खान इस समय काफी तनाव में हैं। वह इमरान खान को वह 35 साल से ज्यादा समय से जानते हैं। तनाव पहले कभी इमरान खान की कमजोरी नहीं रहा। लेकिन अब स्थिति अलग नजर आ रही है। करीब तीन साल की जेल और लंबे समय तक अकेले रहने का असर उनकी सेहत पर पड़ सकता है।

अल्वी ने आगे बताया कि इमरान खान की हार्ट रेट 54 बीट प्रति मिनट है। यह आंकड़ा सामान्य माना जा सकता है। लेकिन खान के लिए यह सामान्य नहीं है।

24 घंटे की निगरानी और कई टेस्ट की सलाह

आरिफ अल्वी ने इमरान खान के लिए 24 घंटे का होल्टर मॉनिटर लगाने की बात कही। इससे दिल की धड़कन पर लगातार नजर रखी जा सकती है।

उन्होंने ब्लड प्रेशर की नियमित निगरानी की भी सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने कई मेडिकल टेस्ट कराने की बात कही है। इनमें स्ट्रेस टेस्ट, इकोकार्डियोग्राम और कार्डियक MRI शामिल हैं। उन्होंने कार्डियक कैल्शियम स्कैन और कार्डियक CT एंजियोग्राम जैसे टेस्ट और जरूरत पड़ने पर दूसरे टेस्ट भी किए जाने का भी सुझाव दिया।

अस्पताल ले जाने की मांग, परिवार भी परेशान

आरिफ अल्वी ने इमरान खान को तुरंत अस्पताल ले जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि खान को डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में इलाज मिलना चाहिए।

वहीं इमरान खान के परिवार की तरफ से भी चिंता जताई गई है। उनके बेटों सुलेमान खान और कासिम खान ने पिता से मुलाकात को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि परिवार, डॉक्टरों और वकीलों को लंबे समय से उनसे मिलने की अनुमति नहीं मिली है।

बता दें इमरान खान 2023 से कई मामलों में जेल में हैं। उनके समर्थक लगातार इन मामलों को राजनीतिक कार्रवाई बताते रहे हैं। पाकिस्तान की राजनीति में उनकी पार्टी PTI भी लगातार सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *