गाजीपुर में फायरिंग करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:ससुराल पक्ष से विवाद के बाद की थाी फायरिंग, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

गाजीपुर में फायरिंग करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:ससुराल पक्ष से विवाद के बाद की थाी फायरिंग, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

गाजीपुर में ससुराल पक्ष से विवाद के बाद फायरिंग कर फरार हुए आरोपी कुंदन सिंह उर्फ विशाल सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा गया। यह मुठभेड़ करंडा और नंदगंज थाने की संयुक्त टीम द्वारा 17 अगस्त की देर रात को सरौली हरिजन बस्ती के पास एक कच्चे रास्ते पर हुई। पुलिस ने बताया कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, यह मामला शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे का है। नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर निवासी कुंदन सिंह का अपनी पत्नी के मायके वालों से विवाह विच्छेद को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वह करंडा के बेलसरी गांव में अपने परिचित अनिल बिंद के घर पहुंचा था। वहां ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई और आरोप है कि कुंदन ने 12 बोर के तमंचे से गोली चला दी। इस फायरिंग में 14 वर्षीय आर्यन यादव की बाईं जांघ में छर्रा लगा था। मारपीट में कुंदन के ससुर बृजेश यादव के सिर में गंभीर चोट आई थी। दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। घटना के बाद से पुलिस कर रही थी तलाश

वारदात के बाद कुंदन मौके से निकल गया था। मामले में करंडा थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू की। इसी दौरान 17 अगस्त को संयुक्त टीम को उसके सरौली हरिजन बस्ती की ओर होने की सूचना मिली। पुलिस ने कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से .312 बोर का देशी तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार कुंदन सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस अब बरामद हथियार, पूर्व मुकदमों और शुक्रवार की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *