संभल में दवाई लेकर लौट रहे बुजुर्ग की मौत:ई-रिक्शा को कैंटर ने टक्कर मारी, चालक जिला अस्पताल से रेफर

संभल में दवाई लेकर लौट रहे बुजुर्ग की मौत:ई-रिक्शा को कैंटर ने टक्कर मारी, चालक जिला अस्पताल से रेफर

संभल में एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह अपनी बेटी के साथ दवाई लेकर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह दुर्घटना संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के मुरादाबाद रोड पर स्थित मुख्य बिजली घर के पास हुई। मृतक की पहचान हयातनगर थाना क्षेत्र के नजरखेल, सरायतरीन निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद्दीन पुत्र अल्लाह दिया के रूप में हुई है। ई-रिक्शा चालक नवादा, सरायतरीन निवासी शाहबेज पुत्र यासीन बताया गया है।
मोहम्मद्दीन की सोमवार रात करीब 9 बजे तबीयत बिगड़ गई थी। वे अपनी बेटी के साथ दवाई लेने के लिए रायसत्ती थाना क्षेत्र के मुरादाबाद रोड स्थित डॉक्टर कॉलोनी में एक चिकित्सक के पास गए थे। लगभग डेढ़ घंटे बाद दवाई लेकर वे ई-रिक्शा में बैठकर घर लौट रहे थे। ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से आए कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में मोहम्मद्दीन की बेटी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन बुजुर्ग और रिक्शा चालक घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहम्मद्दीन को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक और ई-रिक्शा चालक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। ई-रिक्शा चालक शाहबेज ने बताया कि उनकी ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ी थी। मुरादाबाद की ओर से आ रहे कैंटर ने तेज गति से टक्कर मारी। कैंटर इतनी रफ्तार में था कि सड़क पर खड़े लोग भी डर गए। मृतक के छोटे भाई मोहम्मद असलम ने बताया कि मोहम्मद्दीन की तबीयत खराब होने के कारण वे बेटी के साथ दवाई लेने संभल आए थे। मोहम्मद्दीन के चार बच्चे हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई है, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *