संभल में खाद्य विभाग और प्रशासन की टीम ने सोमवार शाम रसगुल्ला बनाने वाली तीन जगहों पर छापेमारी की। कार्रवाई हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के मंगनपुर गांव में की गई। यहां ग्राम प्रधान के बेटे शाने आलम के घर से करीब 4500 किलो तैयार रसगुल्ले मिले, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। कार्रवाई सोमवार शाम करीब 4 बजे शुरू हुई और करीब चार घंटे तक चली। प्रशासन को शिकायत मिली थी कि गांव में कुछ घरों में बिना अनुमति बड़े पैमाने पर रसगुल्लों का निर्माण किया जा रहा है। दूध खरीद का हिसाब नहीं मिला सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि शाने आलम की मां वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। मौके पर बड़ी मात्रा में रसगुल्ले तैयार मिले। अधिकारियों ने इतने बड़े उत्पादन के लिए इस्तेमाल किए गए दूध की खरीद और उसके स्रोत के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। खाद्य विभाग की टीम ने तैयार रसगुल्लों, छेना और अन्य सामग्री के नमूने लिए हैं। इसके अलावा दो अन्य स्थानों पर भी छापेमारी कर सैंपल लिए गए। मेरठ भेजे जाएंगे सैंपल सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सभी नमूनों को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर के बाद विशेष मैसेंजर के जरिए जांच के लिए मेरठ भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि नमूने मानकों के अनुरूप पाए जाते हैं तो जब्त सामान छोड़ दिया जाएगा। वहीं, मिलावट या खाद्य पदार्थ के अखाद्य पाए जाने पर उसे नष्ट कराया जाएगा।
तीन वाहन मिले, स्कूटर पर कार्रवाई के निर्देश छापेमारी के दौरान मौके पर एक पिकअप, एक ई-रिक्शा और एक स्कूटर समेत तीन वाहन मिले। स्कूटर का परमिट समाप्त पाया गया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने एआरटीओ को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ कर्मचारियों को थाने ले जाने की चर्चा भी सामने आई थी। हालांकि, सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को थाने नहीं भेजा गया था। उन्हें मौके पर बिखरे सामान को व्यवस्थित करने में सहयोग के लिए बुलाया गया था। शाने के पिता बोले- लाइसेंस और GST नंबर है शाने आलम के पिता अबरार ने प्रशासन की कार्रवाई पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उनका बेटा रसगुल्ले बनाने का काम करता है और उनके पास लाइसेंस व GST नंबर भी है। अबरार के मुताबिक, रसगुल्ले दूध, चीनी और पाउडर से बनाए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी उनके यहां सैंपल लिए जा चुके हैं और तीन-चार बार जांच में सैंपल पास हो चुके हैं।

